संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये ठगी के मामले में पुलिस ने आरोपी पिहोवा जिला कुरुक्षेत्र निवासी धर्मबीर कश्यप को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव भूना निवासी सोनू की शिकायत के अनुसार धर्मवीर कश्यप उसका रिश्तेदार है और विदेश भेजने का काम करता है।
जुलाई 2023 को वह उनके गांव भूना आया और कहने लगा कि वह उसे विदेश में भेज देगा। आरोपी से इंग्लैंड भेजने की बात 17 लाख 50 हजार रुपये में हो गई। आरोपी ने उसकी पत्नी सुमन और बेटे योगेश के साथ मिलकर उससे अलग-अलग समय में 15 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। रुपये व दस्तावेज लेकर आरोपी ने उसे दिल्ली से मुंबई की टिकट देकर भेज दिया और उसको एक फर्जी एयर टिकट मुंबई से लंदन का देते हुए कहा कि ये फ्लाइट मुंबई से है।
वहां धर्मबीर मुंबई एयरपोर्ट से उसे मलाड होटल में ले गया और वहीं रखा। 18 जनवरी को इरसाद अहमद खान नामक व्यक्ति उसे अपने किराये के मकान में ले गया। उसे नग्न करके बहुत मार-पिटाई की और न ही खाने को दिया। उक्त आरोपी कहने लगा कि अपने घर वालों को फोन करके धर्मबीर को और पैसे दिलवा। आरोपी ने उसे नग्न करके कमरे में बंद करके एसी चला दिया, जिससे उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई और उसका फोन भी छीन लिया।
संदीप नाम का व्यक्ति जो करनाल का रहने वाला था, उसने उसके कान पर रिवाल्वर रखी और कहा कि रुपये मंगवा। उसने डर में अपने घरवालों को फोन किया और कहा कि वह तो इंग्लैंड पहुंच गया है। आप इनके रुपये दे दो। आरोपियों ने उसे बहुत पीटा और कहने लगे कि हमारे या धर्मबीर के बारे में कुछ बताया तो तुझे व तेरे परिवार को जान से मार देंगे। इरसाद अहमद खान ने उसे स्टेशन पर छोड़ दिया और फोन भी दे दिया।
वह बड़ी मुश्किल से अपने घर पहुंचा। यहां आकर उसने धर्मबीर से बातचीत की तो आरोपी ने उसे जान की धमकी दी। पंचायत करने पर आरोपी ने उन्हें चेक तो दे दिए लेकिन व भी फर्जी पाए गए। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के कब्जे से दो लाख रुपये बरामद किए हैं। आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।