कलायत। कलायत के सजूमा रोड के पास स्थित सूखे पड़े मोर चढ़ाई तालाब क्षेत्र मेंं छह जनवरी को 39 वर्षीय युवक सत्तो का शव मिलने के मामले मेंं बड़ा मोड़ आ गया है। घटना के संबंध में सत्तो के भाई संजीव की शिकायत पर हत्या की आशंका जताने पर पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के आरोप में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया हैै। इसमें आरोपियों को नशीले पदार्थ देने पर मौत का जिम्मेवार ठहराया है।
परिजनों का कहना है कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी थे। कहीं न कहीं उसकी हत्या कर शव को झाडिय़ों में फेंका गया। वार्ड-3 निवासी संजीव कुमार ने शिकायत में बताया कि छह जनवरी को कस्बा के रहने वाले 6 लोगों ने उसके भाई को ज्यादा नशा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। संजीव ने बताया कि सभी आरोपी नशीले पदार्थ बेचते हैं। इससे क्षेत्र के युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि क्षेत्र में नशा तस्करी पर रोक लगाई जाए। कलायत थाना के प्रभारी जयभगवान ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी आरोपी फरार हैं। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार कलायत कुछ दिन पहले 39 वर्षीय युवक का शव मोर चढ़ाई तालाब के पास झाड़ियों में मिला था। इससे आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वाल्मीकि मोहल्ला निवासी सत्तो के रूप में हुई। मृतक के भाई संजीव ने इस घटना के लिए नशा बेचने वालों को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना था कि विशेष नेटवर्क द्वारा क्षेत्र में नशे की सप्लाई की जाती है। इसके चलते लगभग एक माह में दो युवकों की जान नशे की ओरडोज ले चुकी है। जो युवा नशे की गिरफ्त में फंसते जा रहे हैं उनकी सूची लंबी है। कलायत वार्ड दो के निर्वतमान पार्षद विक्रम राणा ने कहा कि नशे का प्रसार युवाओं के लिए बड़ा खतरा बन रहा है। अकसर मोर चढ़ाई तालाब के पास झाड़ियों के बीच दिन-रात नशे के लिए युवा डेरा डाले रहते थे। इन झाड़ियों के जंगल को अब साफ करवाया गया है। उन्होंने पहले कई बार अलग-अलग तरह के नशे का सेवन करते उन्होंने युवाओं को देखा है। इसके साक्ष्य उनके पास हैं। यह स्थिति बेहद चिंताजनक और पुलिस की ठोस कार्रवाई को आमंत्रित करती है। सरकार द्वारा हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया गया है। ऐसे में पुलिस प्रशासन नशे पर रोक लगाने के लिए जनसहयोग को ले और नशा बेचने वालों के खिलाफ ठोस कार्रवाईकरे।