शुक्रवार को गुहला में जजपा विधायक ईश्वर सिंह का घेराव कर इस्तीफा मांगने और कलायत में राज्यमंत्री कमलेश ढांडा के काफिले के आगे नारेबाजी करने के मामले में केस दर्ज किया गया है।
पहले मामले में गुहला पुलिस थाने के ईएचसी प्रगट सिंह ने बताया कि शुक्रवार को डीएवी कालेज गुहला में सुशासन दिवस मनाया जा रहा था। जिसके मुख्य अतिथि विधायक गुहला-चीका ईश्वर सिंह थे। कार्यक्रम से जाने के दौरान विधायक ईश्वरसिंह का रास्ता रोककर किसान यूनियन संगठन के 40-50 लोगों ने काले झंडे दिखाए और अपमानित किया। उनमें से किसी एक व्यक्ति ने कहा कि अपने पद से त्याग पत्र दे दो नहीं तो जान से मार देंगे । मामले में 40 से 50 अज्ञात लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
इसी प्रकार से पुलिस को दी शिकायत में चालक सिपाही सतपाल सिंह ने बताया कि वह राज्यमंत्री कमेलश ढांडा की सुरक्षा में तैनात था। उनका काफिला रेस्ट हाउस से खेड़ी लांबा में शोक व्यक्त करने के लिए निकला था। रेस्ट हाउस से कुछ ही दूरी पर कुछ किसानों ने मंत्री का रास्ता रोकने की कोशिश की और काले झंडे दिखाकर नारेबाजी की । इतना ही नहीं कहा कि त्याग पत्र दो नहीं तो जिंदा नहीं छोड़ेंगे।। कलायत पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।