कैथल। क्योड़क गांव के निकट सोमवार को रोडवेज बस की चपेट में आई पिकअप गाड़ी में सवार पांच सेवादारों की मौत और दो सेवकों के घायल होने के मामले में कैथल की सदर थाना की पुलिस ने हरियाणा रोडवेज के बस चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पंजाब के फरीदकोट जिले के मनिया वाला गांव निवासी अमरजीत सिंह ने सदर थाने कैथल को दी शिकायत में बताया कि सोमवार को सुबह करीब सुबह सात बजे साथियों के साथ पिकअप गाड़ी में सवार होकर कुरुक्षेत्र जा रहे थे। क्योड़क के पास हरियाणा रोडवेज की बस ने उनकी पिकअप को टक्कर मार दी।
सोमवार की सुबह हुए हादसे में पिकअप सड़क किनारे पलट गई। उस पर सवार नरिंद्र सिंह, हकीकत सिंह, काकू सिंह, मक्खन सिंह और तारा सिंह की मौत हो गई थी। इनके अलावा सुखविंदर सिंह, कुलवंत, गुरमेल तथा गुरजंट को गंभीर चोटें आई है। उनका इलाज किया जा रहा है।
मामले के जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक बलजीत ने बताया कि पुलिस ने रोडवेज चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद