संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जनवरी में नवोदय विद्यालय के एक छात्र के फंदा लगाकर जान देने के मामले में मृतक छात्र के पिता ने विद्यालय के स्टाफ पर उसके बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। छात्र ने पास के खेतों में फंदा लगाकर जान दे दी थी। इस संबंध में पुलिस ने शिकायत के आधार पर तितरम थाना में बिना नाम के स्कूल स्टाफ के खिलाफ केस दर्ज किया है।
किछाना गांव निवासी सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसका बेटा राहुल जवाहर नवोदय विद्यालय तितरम में पढ़ता था। विद्यालय के स्टाफ ने उसके लडक़े राहुल को स्कूल से बाहर निकालने का धमकी दी थी। इससे उसने परेशान होकर 25 जनवरी 2024 को राहुल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले के जांच अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने जवाहर नवोदय विद्यालय के स्टाफ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
ये था मामला
जवाहर नवोदय विद्यालय के कक्षा 11वीं के एक छात्र राहुल ने संदिग्ध परिस्थितियों में गांव प्योदा के खेतों में जाकर फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली थी। सुबह किसान जैसे ही अपने खेतों में पहुंचे और शव को देखा तो तुंरत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। छात्र सुबह करीब साढ़े पांच बजे स्कूल से बिना बताए चला गया था। उसने सर्दी से बचाव के लिए जो कपड़ा ओढ़ रखा था, उसी का फंदा बनाया था। छात्र के पास कोई सुसाइड नोट वगैरह नहीं मिला था। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया था। उस समय परिजनों के ब्यान पर पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की थी।