कैथल। गांव भागल के पूर्व सरपंच पर पेड़ काटने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत में खंड एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि ग्राम पंचायत भागल में जलघर की चहारदीवारी के अंदर तीन सूखे पेड़ पूर्व सरपंच रामेश्वर दास कटवा रहे थे। उसके बाद पंचायत अधिकारी और खंड पटवारी की मौजूदगी में मौका देखा गया। मौके पर तीन पेड़ काटे जा रहे थे। पेड़ों को भागल निवासी सेवा और फानू काट रहे थे। उन्होंने मौके पर बताया कि यह पेड़ पूर्व सरपंच रामेश्वर के कहने पर काट रहे हैं। पूर्व सरपंच को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने स्वीकार किया कि यह पेड़ वह कटवा रहे हैं। जलघर के अंदर स्थित पेड़ कटवाने का सरपंच को कोई अधिकार नहीं है। पूर्व सरपंच का कार्यकाल पूरा हो चुका है। पुलिस ने सरपंच के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।