संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरसौला-सिसमौर मार्ग पर सामने से आ रही कार से बचने के चक्कर में एक कार अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार में सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए।
दोनों घायलों को शहर के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। घटना सोमवार को सुबह करीब साढ़े तीन बजे की है। तीनों युवक अपने एक दोस्त को गांव हरसौला छोड़ने के बाद अपने घर गांव सिसमौर वापस जा रहे थे।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दुर्घटना में घायल एक निजी अस्पताल में दाखिल 23 वर्षीय युवक अंकित की शिकायत के अनुसार उसके गांव के ही युवक अंग्रेज का भाई दो दिन पहले विदेश गया है। इस कारण अंग्रेज ने गांव सिसमौर पर एक पार्टी का आयोजन किया था।
पार्टी में वह, उसका 19 वर्षीय दोस्त अभिषेक व हरसौला निवासी आशु गांव सिसमौर में अपने दोस्त अंग्रेज के घर पर गए हुए थे। करीब तीन बजे उनकी पार्टी खत्म हो गई। उसके बाद वह, अभिषेक और अंग्रेज अपने दोस्त आशु को घर छोडऩे के लिए ऑल्टो गाड़ी में गांव हरसौला गए थे। आशु को छोड़ने के बाद जब वे वापस आ रहे थे तो गाड़ी को अंग्रेज चला रहा था। आगे की सीट पर उसके साथ अभिषेक बैठा था।
जब वे करीब साढ़े तीन बजे हरसौला-सिसमौर मार्ग पर थे तो सामने से एक कार चालक अपनी कार को टेढ़ी-मेढ़ी और लाइट को ऊपर-नीचे करते हुए तेजगति से गलत साइड में चलाता आ रहा था। अंग्रेज ने कार को बचाने के लिए दूसरी साइड किया तो कार का संतुलन बिगड़ गया। उनकी कार साइड में खड़े पेड़ से जा टकराई। आरोपी कार चालक मौके से भाग गया। इस दुर्घटना में वे तीनों घायल हो गए। उसने अपने भाई सुनील के पास फोन करके सारी घटना बताई।
परिवार व गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां अभिषेक की मौत हो गई। उसे व अंग्रेज को काफी चोटें लगी। अभिषेक अपने माता-पिता का अकेला बेटा था और उसकी एक ही बहन है। अंकित ने कहा कि यह हादसा अज्ञात कार चालक की लापरवाही के कारण हुआ है।
तितरम थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने बताया कि घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक युवक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने आरोपी कार चालक पर केस दर्ज कर लिया है।