कसान। गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से कैलरम परिवर्तन मंच के युवाओं ने ग्राम पंचायत और गांव के सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर सफाई अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत गांव की नालियों की सफाई कर पानी की निकासी को सुचारू बनाने का प्रयास किया गया। अभियान में सरपंच प्रतिनिधि नरेश कुमार ने भी युवाओं के साथ मिलकर श्रमदान किया। कैलरम परिवर्तन मंच की ओर से संजय, राहुल, निर्मल सहित कई युवाओं ने इस अभियान में भाग लिया। युवाओं ने नालियों की सफाई करने के साथ-साथ ग्रामीणों को भी अपने घरों और आसपास साफ-सफाई रखने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि नालियों में कचरा न डालें और गांव को स्वच्छ रखने में अपना सहयोग दें। मंच के युवा राहुल ने बताया कि गांव की सफाई एक दिन में संभव नहीं है। यह लगातार चलने वाली प्रक्रिया है और इसमें समय लगेगा। मंच के युवाओं ने पहल जरूर की है, लेकिन गांव को पूरी तरह स्वच्छ बनाने के लिए सभी ग्रामीणों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस अभियान को अपना अभियान समझें और इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी करें।