कैथल। सामाजिक सुरक्षा पेंशन में आ रही त्रुटियों के समाधान के लिए लघु सचिवालय स्थित सभागार में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में पहुंचे बुजुर्ग, लाभार्थियों और उनके परिजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर ही 15 का समाधान किया।
शिविर में मुख्य रूप से सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित समस्याओं, दस्तावेजों में नाम की त्रुटि, बैंक खाते की गलत जानकारी, आधार कार्ड में नाम और पिता के नाम में अंतर जैसी समस्याओं का समाधान किया गया। इस शिविर में सीटीएम कैप्टन प्रमेश सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमितेंद्र श्योकंद व अन्य स्टाफ मौजूद रहा। सीटीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि पात्र लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से मिले और दस्तावेजों से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शनिवार को दोबारा लगेगा कैंप
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिन लाभार्थियों की समस्याओं का समाधान अभी नहीं हो पाया है या जो किसी कारण से वीरवार को शिविर में उपस्थित नहीं हो सके, उनके लिए आगामी शनिवार को पुन: कैंप आयोजित किया जाएगा। यह शिविर सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक लघु सचिवालय सभागार में लगाया जाएगा।
एसएमएस प्राप्त लाभार्थी ही पहुंचे शिविर में
उन्होंने बताया कि शिविर में व्यवस्था बनाए रखने और कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए केवल वही लाभार्थी पहुंचें, जिन्हें मोबाइल पर एसएमएस प्राप्त हुआ है। लाभार्थी अपने साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पेंशन संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक कागजात अवश्य लेकर आएं, ताकि मौके पर ही त्रुटियों को ठीक किया जा सके।
सभी लाभार्थियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना और आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद रिकार्ड में सुधार की प्रक्रिया पूरी की। इस शिविर में करीब 15 लाभार्थियों के डाटा में आवश्यक संशोधन कर उन्हें राहत प्रदान की गई। - अमितेंद्र श्योकंद, जिला समाज कल्याण अधिकारी
पेंशन से जुड़ी त्रुटियों को ठीक कराते लोग। प्रवक्ता