कैथल। लोन दिलवाने के नाम पर एक व्यक्ति से एक लाख 93 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में सिसमौर निवासी जीवन शर्मा ने बताया कि आठ दिसंबर को उसके पास फोन आया कि वह रिलांयस कैपिटल बैंक दिल्ली से नेहा वर्मा बोल रही है।
उसने पूछा कि लोन लेना है क्या? उसने हां कह दिया। इसके बाद उसने उससे कागजात लिए। इसके बाद एक युवक का फोन आया। उसने हिमांशु नाम बताया। उसने कहा कि वह सोनीपत के निकट खरखोदा निवासी है।
इसके बाद नेहा ने उससे कहा कि लोन फाइल के लिए 8250 रुपये भरने होंगे। उसने उनके कहे अनुसार यह राशि दे दी। इसके बाद उसने कहा कि आयकर रिटर्न में आपकी आय पांच लाख होनी चाहिए। वे इसे ठीक कर देंगे। इसके लिए 60 हजार रुपये देने होंगे। उसने यह राशि भी उनके बताए खाते में भेज दी।
इसके बाद अंकिता नाम की लड़की का फोन आया। उसने भी उससे लोन बारे बात की। इसके बाद नेहा ने उससे लोन का बीमा करवाने के लिए 50 हजार रुपये मांगे। इसके बाद इन चारों ने अपना कमीशन मांगा। उसने 35000, 15000 व 25000 रुपये उनके खाते में भेज दिए। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति का उसके पास फोन आया। बाद में चारों के फोन बंद आने लगे। उसे बाद में पता चला कि उसके साथ 1,93,250 रुपये की ठगी हुई है। उसने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने साइबर थाने में इस संबंध में केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
सीएम विंडो का नंबर ढूंढा था, ठगों ने ठग लिए 40 हजार
कैथल। गुगल पर सीएम विंडो का नंबर ढूंढना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। उसकी पत्नी के खाते से ठगों ने करीब 40 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गुहला निवासी करनदीप ने बताया कि वह शिक्षा विभाग में नौकरी करता है। उसकी पत्नी रुपिन्दर कौर के नाम से एसबीआई बैंक का क्रेडिट कार्ड है। उसने एक दिन गूगल से सीएम विंडो पर शिकायत के लिए नंबर सर्च किया था। उसे एक नंबर मिला। उसने फोन मिलाया तो सामने वाले व्यक्ति ने यह कहकर फोन काट दिया कि उसके सीनियर बात करेंगे। इसके बाद उसके पास 7980233976 व एक अन्य नंबर से से फोन आया और फोनकर्ता ने कहा कि वह सीएम विंडो से बोल रहा है। वह उसकी बातों में आ गया और उसके कहे अनुसार एक एप डाउनलोड की। उसने कोड पूछकर उसकी पत्नी के खाते से 39537 रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद उसका फोन नहीं उठाया। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है।