गुहला-चीका। गुहला-चीका में आयोजित तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर का आयोजन योग प्रशिक्षक मुकेश के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग और प्राणायाम का अभ्यास किया।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाएं करवाई गईं। योग प्रशिक्षक मुकेश ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच योग स्वस्थ रहने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम सहित कई योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। साथ ही योग के वैज्ञानिक महत्व और स्वास्थ्य लाभों के बारे में भी जानकारी दी।
मुकेश ने उपस्थित लोगों से योग को केवल एक दिवस या शिविर तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।