किसान भवन कैथल में बैठक करते कांग्रेसी। विज्ञप्ति
- फोटो : Self
कैथल। किसान भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। इसमें हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से कैथल जिले के ऑब्जर्वर पूर्व सीपीएस प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा और कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में होने वाली ‘वोट बचाओ-लोकतंत्र बचाओ’ महा रैली में कैथल के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की । इस दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग दोहराई।
जिला ऑब्जर्वर प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा ने कहा कि देश में वोट चोरी का खेल चल रहा है। मतदाता सूचियों से करोड़ों नाम काटे जा रहे हैं, नियमों को ताक पर रखकर चुनाव आयोग को सत्ता के हित में इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग की गरिमा और निष्पक्षता को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाली इस रैली में हरियाणा के कोने कोने और कैथल जिले से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। यह रैली सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि लोकतंत्र बचाने का संकल्प है। कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वोट हमारा सबसे बड़ा अधिकार है। इस मौके पर सुरेंद्र रांझा, कर्मबीर शर्मा खुराना, रोशन पाड़ला, दर्शन खनौदा, जयपाल शर्मा, राजेंद्र रूहल मौजूद रहे। संवाद