संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। आरक्षित सीट गुहला विधानसभा से भाजपा की टिकट पाने के लिए जोर आजमाइश कर रहे वाल्मीकि समाज के नेताओं ने रविवार को एक निजी होटल में बैठक की। इस मौके पर सभी ने समाज से एकजुटता का आह्वान किया। साथ ही कहा कि टिकट समाज के किसी भी नेता को मिला तो एकजुट होकर चुनाव लड़ा जाएगा।
बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने इस बार वाल्मीकि समाज को टिकट देने की भाजपा हाईकमान से पुरजोर मांग की। भाजपा एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष सलिंद्र वाल्मीकि ने बताया कि लोकतंत्र में चुनाव लड़ने व टिकट मांगने का सभी को अधिकार है। इसी अधिकार के तहत वाल्मीकि समाज भाजपा हाईकमान से टिकट की मांग कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आज तक वाल्मीकि समाज के किसी भी व्यक्ति को भाजपा का टिकट नहीं दिया गया है। यदि इस बार भाजपा वाल्मीकि समाज के किसी नेता को चुनाव मैदान में उतारती है तो गुहला हलके का पूरा वाल्मीकि समाज व टिकट के चाहने वाले सभी नेता एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे और गुहला सीट को जीतकर भाजपा की झोली में डालेंगे।
इस मौके पर नगर परिषद कैथल की वाइस चेयरपर्सन सीमा वाल्मीकि ने कहा कि बैठक में मौजूद वाल्मीकि समाज के सभी नेता भाजपा के सच्चे सिपाही है और यदि इनमें से किसी एक को टिकट मिलता है तो सभी नेता उसके साथ कंधे से कंधा मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
इसी प्रकार डॉ. ओमता राम ने कहा कि वाल्मीकि समाज भाजपा का कोर वोटर है। प्रदेश में वाल्मीकि समाज की बड़ी संख्या है। यदि पार्टी वाल्मीकि नेता को चुनाव मैदान में उतारती है तो जीत निश्चित है। बैठक में नहीं पहुंच सके युवा नेता रिंकू वाल्मीकि व पूनम सहोता ने फोन पर अपनी सहमति दी।
इस मौके पर भाजपा एससी मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बलदेव वाल्मीकि कलायत, रामेश्वर वाल्मीकि, उदय वाल्मीकि, जगदीश वाल्मीकि व मांगे राम भी मौजूद रहे।