संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड/पूंडरी। बाबू अनंत राम जनता महाविद्यालय कौल में प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल की अध्यक्षता में डॉ. पुष्पा की देखरेख में एक पौधा मां के नाम कार्यक्रम के तहत पौधरोपण किया। डाॅ. पुष्पा ने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय प्रांगण में छात्रों संग छायादार एवं फलदार पौधे रोपित किए गए। सभी छात्र-छात्राओं को एक-एक पौधा अपने घर आंगन या खेत में लगाने के लिए दिया। इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि आज समय की जरूरत है कि धरती पर ज्यादा से ज्यादा पेड़ पौधे लगाएं। क्योंकि पर्यावरण के बदलते स्वरूप से हमारा वातावरण लगातार प्रदूषित होता जा रहा है। जिसका सबसे ज्यादा असर हमारे स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। इसलिए हमें चाहिए इस राष्ट्र हित मुहिम में हम अपने सहयोग रूपी आहुति अवश्य डालें। प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया है कि हमें पेड़ पौधे लगाने तक ही सीमित नही रहना है बल्कि उनके बड़ा होने तक परवरिश करना भी हमारा दायित्व बनता है। जब हम अपने इस दायित्व को बखूबी निभाएंगे, तभी हमारा यह राष्ट्रहित अभियान सफल होगा।
उधर, पर्यावरण एवं संस्कृति संरक्षण मंच पूंडरी की ओर से एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत दो दिवसीय विशेष पौधरोपण अभियान की शुरूआत की। पहले दिन हुड्डा कालोनी पूंडरी में पौधरोपण किया व सभी पौधों पर ट्री गार्ड भी लगाए गए। इस कार्यक्रम में राजेंद्र खुराना व आशा खुराना के परिवार विशेष रूप से शामिल हुआ। अध्यक्षता मंच प्रधान अनिल आर्य ने की। इस मौके पर राजेंद्र खुराना ने कहा पौधे हमारे वातावरण के सबसे बड़े रक्षक हैं और इनके बिना मानव जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपनी धरती को बचाने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। इस मौके पर मंच के सचिव रोशनलाल, उपप्रधान निरंजन आचार्य, जोगिंद्र बरसाना, बृजेश टाया, शुभम, निष्ठा खुराना मौजूद रहे।