संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय के सभागार में विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत सरपंच प्रतिनिधियों के साथ एसडीएम कृष्ण कुमार ने बैठक की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के तहत पांच अक्तूबर को मतदान और आठ अक्तूबर को मतगणना होगी। चुनाव में सभी सरपंच प्रशासनिक अधिकारियों का सहयोग करते हुए चुनावी प्रक्रिया को सुचारू और निष्पक्ष रूप से संचालित करवाएं।
एसडीएम कहा कि चुनाव के समय प्रशासन और सरपंच दोनों की जिम्मेदारी होती है कि चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण हो। विधानसभा क्षेत्र में आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन नहीं हो। यदि कोई उल्लंघन करता पाया गया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। मतदान के दिन प्रशासन का पूरा सहयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र में
लोग बिना किसी डर या दबाव के मतदान कर सकें।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की गैर कानूनी गतिविधियों जैसे मतदाताओं को धमकाने, रिश्वत देने या फर्जी मतदान की घटनाओं पर नजर रखें और ऐसी गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें। सभी सरपंच अपने-अपने गांवों में मतदाताओं को जागरूक करें कि वे अपन मत का उपयोग जरूर करें। खासकर युवा और महिलाओं को मतदान के प्रति उत्साहित करें।
इस मौके पर डीएसपी कुलदीप बैनिवाल, बीडीपीओ नेहा शर्मा के अलावा सरपंच मौजूद रहे। कहा कि पूरे गांव का प्रतिनिधित्व सरपंच करता है और उनका दायित्व भी बनता है कि सरपंच अपने-अपने गांव में किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में जागरूक करें। कुछ किसान धान की कटाई के बाद बचने वाले अवशेषों में आग लगा देते हैं, जिससे पर्यावरण तो प्रदूषित होता है, वहीं भूमि की उर्वरा शक्ति भी कमजोर होती है।
सरपंच किसानों को समझाएं कि अवशेषों में आग लगाने से सिर्फ नुकसान होता है और फसल अवशेष प्रबंधन करने से आय में बढ़ोत्तरी होती है। जिला प्रशासन द्वारा ग्राम व खंड स्तर पर कमेटियों का गठन किया गया है, जोकि पूरी निगरानी कर रही है।