ढांड। बाबू अनंत राम जनता कॉलेज, कौल की एनसीसी कैडेट तनु का चयन जयपुर में आयोजित आर्मी डे परेड में सहभागिता के लिए हुआ है। यह चयन न केवल कैडेट तनु बल्कि महाविद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल ने बताया कि आर्मी डे परेड के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी, डिप्टी डायरेक्टर जनरल कर्नल आनंद राजस्थान तथा साउथ वेस्टर्न कमांड के शपथ शक्ति चीफ, जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह की उपस्थिति रही।
प्राचार्य ने बताया कि चयन से पूर्व तनु ने 10 विभिन्न एनसीसी कैंपों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ये सभी कैंप 10 एचआर एनसीसी बटालियन से संबंधित थे, जिनके अंतर्गत बटालियन के आठ ग्रुप सम्मिलित होते हैं। एनसीसी अधिकारी डॉ. सुरभि अदलखा ने बताया कि तनु की इस उपलब्धि से न केवल महाविद्यालय बल्कि संपूर्ण क्षेत्र स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। कैडेट तनु की इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने उन्हें सम्मानित किया। महाविद्यालय परिवार, एनसीसी स्टाफ ने भी तनु को बधाई दी।