संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सेक्टर 19 स्थित एक कैब कार्यालय में घुसकर संचालक पर उस्तरे से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में संचालक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल के गाल पर नौ टांके लगाने पड़े। पीड़ित की
शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुभाष नगर निवासी मिथुन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर 19 में ‘सिटी कैब’ नाम से अपना कार्यालय संचालित करता है, जहां से लोग कैब बुकिंग करवाते हैं। घटना के समय वह साथियों अनिल, रिंकू, पुलकित और राकेश के साथ कार्यालय में बैठकर चाय पी रहा था। माहौल सामान्य था और सभी आपस में बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान जींद जिले के गांव छात्तर निवासी दीक्षु वहां पहुंचा। आरोप है कि वह शराब के नशे में था। कार्यालय में प्रवेश करते ही उसने अपशब्द कहने शुरू कर दिए। वहां मौजूद लोगों ने उसे शांत रहने और बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन आरोपी गाली-गलौज करता रहा और माहौल खराब करने लगा।
रोकने पर किया हमला ः जब कार्यालय में मौजूद लोगों ने उसे समझाने और रोकने का प्रयास किया तो वह भड़क उठा। शिकायत के अनुसार, दीक्षु अपने साथ उस्तरा लेकर आया था। उसने अचानक मिथुन पर हमला कर दिया और उसके चेहरे व सिर पर कई वार किए। अचानक हुए इस हमले से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच आरोपी भाग निकला। साथियों ने घायल मिथुन को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच कर गाल पर नौ टांके लगाए। सिर-चेहरे पर भी चोटें पाई गई हैं।
सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी विरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
सैलून में काम करता है आरोपी
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी सैलून में काम करता है। आशंका जताई जा रही है कि वह वहीं से उस्तरा लेकर आया था। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि हमला पूर्व नियोजित था या फिर अचानक हुए विवाद का परिणाम। नागरिकों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाती हैं।