संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रोडवेज के कैथल डिपो की ओर से कई बसों को चुनाव ड्यूटी में भेजा है। ऐसे में बसों के चुनाव ड्यूटी में जाने के कारण शाम के समय बसों की संख्या कम हो रही है। इस कारण उचित बसों का संचालन न होने से यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ती है।
समस्या मुख्य तौर पर चुनावों में लगी बसों और कर्मचारियों की ड्यूटी के चलते आ रही है। अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक सभी चुनावी ड्यूटी में लगे हैं। चुनाव ड्यूटी के चलते सीआरपीएफ के जवान कैथल आए हुए हैं, जिनकी ड्यूटी विभिन्न चौक व चौराहों पर लगी हुई हैं। ऐसे में जवानों को लेकर आने और वापस छोड़ने का जिम्मा रोडवेज को सौंपा गया है।
कैथल रोडवेज की करीब 10 से 15 बसें चुनाव ड्यूटी में लगी है, जिसके चलते काई रूट प्रभावित हो रहे है। सबसे ज्यादा दिक्कत करनाल और जींद जाने वाले यात्रियों को आ रही है। इस रूट पर पिछले काफी दिनों से शाम के समय बस सेवा काफी कम हो जाती है।
जब कैथल जिले में सीआरपीएफ के जवान आए थे उसी समय ही कुछ बसों को भेजा गया था। अब केवल जिला प्रशासन के आदेश पर ही बसों को चुनावी ड्यूटी में लगाया जाता है। कैथल से इस समय किसी भी रूट पर बसों की संख्या को कम नहीं किया गया है। - कमलजीत चहल, महाप्रबंधक, कैथल डिपो।