संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) की परीक्षा रविवार को आयोजित की जाएगी, जिसमें कैथल के 3,142 विद्यार्थी 11 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने जिला अनुसार केंद्रों का चयन किया है। राज्य में कुल 54,475 विद्यार्थियों के लिए 192 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिमाह 1000 रुपये छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। यह योजना जरूरतमंद मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता के माध्यम से बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चलाई जाती है।
जिला शिक्षा विभाग को नकल-रहित परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी केंद्रों पर निर्धारित संख्या से 10–12 अतिरिक्त सीटें रखी गई हैं, ताकि गलत केंद्र पर पहुंचने वाले विद्यार्थियों की प्रवेश-पत्र जांचकर उन्हें बिना परेशानी परीक्षा दिलवाई जा सके। हालांकि, इस संबंध में शिक्षा बोर्ड की ओर से अभी कोई औपचारिक पत्र जारी नहीं किया गया है।
परीक्षा पैटर्न : परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जाएगी, जिसमें गणित, विज्ञान और सामान्य ज्ञान पर आधारित 90 प्रश्न पूछे जाएंगे। इस परीक्षा में वही विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं जिन्होंने कक्षा 7वीं राजकीय विद्यालय से उत्तीर्ण की है और वर्तमान में कक्षा 8वीं में अध्ययनरत हैं।
एनएमएमएस छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए सभी केंद्र निर्धारित हैं। जिले में आज 11 केंद्रों पर 3,142 विद्यार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। विभाग शांतिपूर्ण और सुचारू परीक्षा करवाने के लिए पूरी तरह कार्यरत है। परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। -छत्रपाल, डीएमएस, कैथल
जिले में बनाए गए परीक्षा केंद्र
केंद्र का नाम
कुल सीटें
राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गीता भवन
312
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कमेटी चौक
312
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सीवन रोड, पट्टी अफगान
312
राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जखौली अड्डा
312
हिंदू सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काठ मंडी
312
जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कैथल
312
स्वामी विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पाडला रोड, प्रताप गेट
312
जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल (गर्ल विंग), कैथल
311
सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चंदाना गेट
312
एवरग्रीन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल
310
गीता हाई स्कूल, सीवन रोड, पट्टी अफगान
164