संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। त्योहारी सीजन के मद्देनज़र जिले में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बस स्टैंड के प्रवेश द्वार से लेकर परिसर तक पुलिस जवान तैनात हैं और हर गतिविधि पर ‘तीसरी आंख’ यानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतर्क निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने यात्रियों को जेबकतरों और संदिग्ध गतिविधियों से सावधान रहने की सलाह दी है। भीड़भाड़ के इस मौसम में सुरक्षा के दृष्टिकोण से हर यात्री पर नजर रखी जा रही है। धार्मिक पर्वों के अवसर पर मंदिरों में होने वाले भजन-कीर्तन, जागरण और पूजा-अर्चना के बड़े आयोजनों तथा बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने पूरे जिले में व्यापक सुरक्षा प्रबंध लागू किए हैं।
पुलिस अधीक्षक उपासना यादव ने बताया कि पीसीआर और राइडर टीमें बाजारों, मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त कर रही हैं, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व को कानून-व्यवस्था भंग करने का अवसर न मिले। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धर्मशाला, होटल, लॉज, ढाबा और झुग्गी-झोपड़ी जैसे स्थानों पर सघन जांच-पड़ताल की जा रही है।
संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यकतानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सुरक्षा दृष्टि से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और मुख्य चौक-चौराहों पर सिविल वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने सूचना तंत्र को मजबूत करें और संदिग्ध या असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें।