फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: सब्जी मंडी में सांड़ ने पटका, घायल

Wed, 28 Jun 2023 01:20 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
कैथल। मंगलवार सुबह शहर की सब्जी मंडी में सांड़ का आतंक देखने को मिला। इस सांड़ ने मंडी से गुजर रहे एक व्यक्ति को उठाकर पटक दिया। सिर के बल गिरने से वह घायल हो गया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना के बाद पार्षदों और अन्य लोगों ने आवारा पशुओं की रोकथाम न होने पर नाराजगी जताई है।
विज्ञापन


सुबह करीब साढ़े आठ बजे बूढ़ा खेड़ा गांव निवासी 37 वर्षीय ऑटो चालक भागा सब्जी बेचने के लिए आया था। जब वह सब्जी बेचकर वापस अपने घर की तरफ जा रहा था तो पीछे से एक सांड़ ने उसे जोर से टक्कर मार दी। इससे वह उछलकर नीचे गिर गया। उसे उठाने के लिए आस-पास के दुकानदार आए। इस दौरान मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने घायल को एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। अभी घायल की हालत स्थिर बनी है।

गौरतलब है कि बेसहारा पशुओं के सड़कों पर होने के कारण शहर के आम लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। 18 दिन पहले भी शहर के डोगरा गेट निवासी एक 21 वर्षीय युवक की मोटरसाइकिल को अंबाला रोड पर एक सांड़ ने टक्कर मारी थी। इसके बाद उसकी तीन दिन पहले ही मौत हुई थी। अब मंगलवार को फिर से हादसा हुआ है। इसके साथ ही पिछले छह महीने में 15 से अधिक हादसे बेसहारा गोवंश के कारण हो चुके हैं।
विज्ञापन

शहर में पांच गोशालाओं में करीब छह हजार गोवंश

शहर में 700 से अधिक आवारा पशु सड़कों पर हैं। शाम के समय ये पशु सड़कों पर घूमने लगते हैं तो लोगों की मुसीबत बढ़ जाती है। नगर परिषद के चुनावों में बेसहारा पशुओं को हटाने का सबसे मुख्य मुद्दा था परंतु इस पर कोई समाधान अभी तक नहीं हो पाया है।

­शहर में इस समय पांच गोशालाएं हैं। इनमें करीब छह हजार गोवंश है। नगर परिषद की तरफ से कुछ समय पहले बेसहारा गोवंशों को गोशालाओं में भेजा गया था परंतु अब फिर से कुछ दिन से यह समस्या बनी हैं। यदि बेसहारा गोवंशों को गोशालाओं में छोड़ा जाएगा तो हादसों में कमी आ पाएगी।

नहीं हो रहा समाधान

वार्ड नंबर 28 के पार्षद मोहन शर्मा ने कहा कि नगर परिषद की अध्यक्ष ने चुनाव में आवारा पशुओं को सड़कों से हटाकर गोशाला में भेजने का वायदा किया था। ये पशु हादसों का सबब बनते रहते हैं। इस कार्य के लिए नगर परिषद ने अपनी 26 एकड़ जमीन नंदीशाला गोशाला को गायों के लिए सेवा दी है। इसके बावजूद भी इस समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा है। इसके लिए विशेष बजट दिया जाना चाहिए। इसके अलावा भी अन्य पशुओं की भरमार है।

मिलता केवल आश्वासन

वार्ड नंबर 11 की पार्षद सुशीला शर्मा ने बताया कि बेसहारा पशुओं का मुद्दा नप की सदन की बैठक में केवल आश्वासन ही मिलता है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। आखिर कब तक ऐसे ही लोगों की जान पर बनती रहेगी। इसके साथ ही नगर परिषद की तरफ से गोशाला के लिए भी अलग से बजट नहीं दिया जा रहा है। काफी परेशानी हो रही है।

लगातार कर रहे शिकायत

सब्जी मंडी एसोसिएशन के प्रधान विरेंद्र सतीजा ने बताया कि सब्जी मंडी में आवारा पशुओं और सांडों की अधिक समस्या है। इसको लेकर वे नगर परिषद से लेकर मार्केट कमेटी के अधिकारियों को शिकायत दे चुके हैं। बावजूद इसके इस समस्या को कोई समाधान नहीं हो रहा है। आए दिन हादसे हो रहे हैं। प्रशासन से अपील है कि इस समस्या का जल्द समाधान करवाया जाए।
नगर परिषद कैथल की अध्यक्ष सुरभि गर्ग ने बताया कि बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए नई गोशाला के निर्माण का टेंडर लगाया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद यहां पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शहर की सड़कों पर रहने वाले बेसहारा पशुओं को यहां शिफ्ट किया जाएगा। इसके साथ ही नंदीशाला के पदाधिकारियों से बातचीत जारी है। 200 बेसहारा पशुओं यहां भेजा जाएगा। समस्या का जल्द समाधान होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें