कैथल। गांव बाता में खेत के बंटवारे के लिए हुए विवाद में दो भाइयों पर लाठी, भाला, गंडासी और जेली से हमला कर दिया। हमले में जसमेर सिंह के सिर और हाथ में चोट लगी जबकि गंडासी लगने से उनके हाथ की एक उंगली कट गई। उनके भाई हाकम सिंह के सिर पर भी गंडासी से वार किया गया। जसमेर सिंह के दोनों बेटों को भी चोटें लगी हैं।
कलायत थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव बाता निवासी जसमेर सिंह ने बताया कि पांच भाइयों में से तीन ने अपनी जमीन बेच दी थी। जमीन के बंटवारे के लिए कलायत तहसील में तकसीम का केस चल रहा है। 2 अक्तूबर को कानूनगो और पटवारी ने मौके पर आकर जमीन की स्थिति देखने का समय दिया था। चारों भाई अपने-अपने हिस्से में बैठे थे। इस दौरान मेहर सिंह ने अपने बड़े भाई राज सिंह को मौके पर बुला लिया। कानूनगो और पटवारी की मौजूदगी में बंटवारे के लिए बहस शुरू हो गई। पहले जिस सहमति पर सभी राजी थे, उससे आरोपियों के पीछे हटने पर कानूनगो और पटवारी वहां से चले गए। इसके बाद जसमेर और हाकम ने पहले से तय सहमति के अनुसार रहने की बात कही तो विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि मेहर सिंह और राज सिंह ने जसमेर के सिर पर लाठी से वार कर दिया। शोर सुनकर जसमेर के बेटे राकेश और जोनी मौके पर पहुंचे और दोनों भाइयों को छुड़ाने लगे। इसके बाद चारों आरोपियों ने हथियारों से हमला कर दिया। रजत के पास गंडासी, मेहर के पास भाला, राज सिंह के पास जेली और अशोक कुमार के पास लाठी थी। शिकायत में जसमेर ने बताया कि मेहर सिंह ने उनके सिर पर भाले से वार किया, जबकि रजत ने गंडासी से उनके बाएं हाथ पर हमला किया जिससे उनकी एक उंगली कट गई।
इसके बाद रजत ने हाकम सिंह के सिर पर गंडासी से वार किया। अशोक ने जोनी के कंधे पर लाठी मारी जबकि राज सिंह ने राकेश के हाथ और कमर पर जेली के पिछले हिस्से से वार किया। हमले के बाद आरोपियों ने दोबारा खेत में आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घायलों को पहले कलायत के निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें सरकारी अस्पताल कैथल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
डीएसपी रोहताश ने बताया कि पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धारा 3(5), 351(3), 115(2) और 118(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली। राज सिंह, मेहर सिंह, रजत सिंह उर्फ सुरजीत और अशोक कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।