कैथल। ठेके पर ली जमीन के दो वर्ष से पैसे नहीं देने पर भाई ने ही भाई को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने गांव म्यौली से आरोपी को गिरफ्तार कर ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझा लिया। आरोपी छिपने के लिए अपनी किसी रिश्तेदारी में जाने की फिराक में था। वारदात में प्रयुक्त गंडासी भी बरामद कर ली गई। पूछताछ के लिए पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया है। एसपी शशांक कुमार सावन के अनुसार पूंडरी पुलिस के एसआई रामफल ने बताया कि किसी ने पुलिस को 19 मई की रात पूंडरी के कैथली गेट पर एक शव पड़ा होने की सूचना दी गई। मृतक के सिर, माथे और ठोडी पर तेजधार हथियार से वार किया गया था। साइड में एक बाइक भी पड़ी थी। मृतक की शिनाख्त सुरेश निवासी कैथली गेट के पूंडरी के रूप में हुई थी।
डरा धमका कर लेता था ठेके पर जमीन
पूछताछ के दौरान 65 वर्षीय सतपाल निवासी कैथली गेट ने कबूला कि उसका छोटा भाई सुरेश उनको डरा धमका कर उनकी जमीन ठेके पर ले लेता था। दो वर्ष से ठेके के पैसे भी अदा नहीं कर रहा था। इस बार उसने अपने भाई को ठेके पर जमीन देने से मना कर दिया। इसकी रंजिशन सुरेश ने उनके सबमर्सिबल ट्यूबवेल बोर में से मोटर निकाल कर बोर में पत्थर-रोड़े डाल दिए, जिस कारण ट्यूबवेल खराब हो गया। इस बारे जब उनके द्वारा सुरेश को कहा गया तो वह धमकी देने लगा कि वह तो उजड़ा हुआ है, साथ ही उन्हें भी उजाड़ देगा। परिवार को मारने की धमकी भी दी। उसकी धमकियों से तंग आकर उसने 19 मई की रात्रि गली में घात लगाकर बाइक पर आ रहे सुरेश पर गंडासी से हमला कर मार डाला। वारदात के समय उसका पुत्र कर्मबीर गली के नजदीक छिपकर रैकी कर रहा था। जिसने उसको आवाज देकर सुरेश के आने की सूचना दे दी थी।