संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अमरगढ़ गामड़ी की गली नंबर पांच के किनारे पर कई महीनों से टूटा पड़ा नाला स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बना है। रविवार को नाराज स्थानीय लोगों ने एकत्रित होकर इस समस्या के खिलाफ रोष जताया और प्रशासन से गुहार लगाई कि जल्द ही इस नाले की मरम्मत करवाई जाए।
गौरतलब है कि यह नाला पिछले चार महीनों से खुला पड़ा है, जिसके कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को गंभीर चोटों का सामना करना पड़ चुका है। कई बार स्कूली बच्चों को भी इसमें गिरने से बचाया गया है।
कॉलोनी निवासी जिले सिंह, लीलाराम, राजेश, राजेश राणा, रमेश राणा, राकेश राणा, संजू, कर्म सिंह, कमलेश यादव, अरुण, महेंद्र, सोनू, राजेश सैनी, दर्शना देवी, बीरो देवी, संतरो देवी, बिमला देवी, कमला देवी व राधा रानी आदि ने बताया कि इस नाले की मरम्मत के लिए कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि यह नाला न्यू करनाल मुख्य मार्ग से सटा हुआ है और प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे और आम नागरिक इसी रास्ते से गुजरते हैं। वहीं बेसहारा गोवंश भी इसमें गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कुछ दिनों पहले एक छोटा बच्चा नाले में गिर गया था, जिसे समय रहते लोगों ने देख लिया और बाहर निकाला। ऐसी घटनाएं भविष्य में गंभीर हादसे का रूप ले सकती हैं।
लोगों ने अस्थायी रूप से इस नाले पर पत्थर रखकर उसे ढकने का प्रयास किया, लेकिन नाला बड़ा होने के कारण वह पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हो पाया। लोगों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर वार्ड पार्षद रामपाल सैनी को भी अवगत करवाया था। और उन्होंने जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया, पार्षद ने कहा इस विषय में संबंधित जेई आकाश को भी नाले की फोटो वीडियो भेज कर समस्या से अवगत करवाया गया था, लेकिन उन्होंने भी कोई कार्रवाई नहीं की है।
नाराज स्थानीय लोगों ने रविवार को रोष जताया। उनका कहना था कि यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया, तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि जनहित में शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और किसी की जान जोखिम में न पड़े।
इस समस्या की जानकारी अभी संज्ञान में आई है। लिखित में शिकायत मिलने पर इस समस्या का जल्द ही समाधान करवा दिया जाएगा। -रवि ओबरॉय, एक्सईएन, नगर पालिका