सीवन। सीवन नगर पालिका की ओर से डोर-टू-डोर कचरा उठाने का कार्य ठेके पर दी गई सुगम स्वच्छता कंपनी को सौंपा गया है। यह कंपनी रोजाना ट्राॅलियों के माध्यम से घर-घर से कचरा उठाकर उसे डंपिंग यार्ड तक पहुंचाती है। बुधवार सुबह स्थिति उस समय विवादित हो गई जब सुगम स्वच्छता की एक ट्राॅली में घरेलू कचरे के साथ ईंट, पत्थर और ब्लॉक जैसी भारी सामग्री मिली।
सबसे पहले मौके पर मौजूद रोहतास सिसोदिया ने ट्राॅली को रुकवाया और चालक से पूछताछ की। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने इस तरह की धांधली पर नाराजगी जताई।
नगर पालिका अध्यक्ष हेमलता सैनी ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिल चुकी है। यदि कंपनी की ओर से इस तरह का कार्य किया जा रहा है तो यह नियमों के खिलाफ है। दोषी पाए जाने पर कंपनी पर जुर्माना लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका सचिव को मामले में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सैनी ने कहा कि जहां तक कर्मचारी के साथ हाथापाई की बात है उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। संवाद
नगर पालिका सचिव दीपक कुमार ने कहा कि जांच में यह बात सामने आई है कि वार्ड नंबर 1 के पार्षद ने सुगम स्वच्छता कंपनी के सुपरवाइजर को बुलाकर ईंट-पत्थर जैसे मलबे को उठवाने को कहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्राॅली को रोककर सुपरवाइजर के साथ बहस हुई और कथित तौर पर हाथापाई भी हुई।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सचिव दीपक कुमार ने स्पष्ट किया कि संबंधित ट्राॅली का वजन रद्द कर दिया गया है और कंपनी पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को नगर पालिका की कार्यप्रणाली या कर्मचारियों से शिकायत है तो वह औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज करवाए। शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी लेकिन कर्मचारियों के साथ मारपीट स्वीकार्य नहीं होगी।