संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका (कैथल)। एक पुराने मामले को रद्द कराने की एवज में गिरफ्तार गुहला थाना प्रभारी रामपाल ने रिश्वत मांगी थी। यह जानकारी शिकायतकर्ता चीका निवासी ओम प्रकाश उर्फ बुधु ने दी। उधर, गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम आरोपी को अपने साथ कैथल ले गई है।
शिकायतकर्ता चीका निवासी ओम प्रकाश उर्फ बुधु ने बताया कि लगभग डेढ़ साल पहले उनके घर में एक चोर घुस आया था। घटना के समय उनकी नींद खुल गई और उनकी चोर के साथ हाथापाई हो गई। ओमप्रकाश ने बताया कि चोर ने उनकी पकड़ से छूटकर दीवार के ऊपर से कूदकर भागने का प्रयास किया। इस बीच बाहर गली में रखे जेनरेटर से टकराकर उसकी बाजू टूट गई। ओम प्रकाश ने बताया कि कुछ समय बाद उसी चोर में उन पर मामला दर्ज करवा दिया था। ओमप्रकाश ने बताया कि घटना के समय रामपाल चीका थाना में तैनात था और मामले की जांच वहीं कर रहा था।
मुझे गलत तरीके से फंसाया गया है
रिश्वत लेने के आरोप में काबू किए गए सब इंस्पेक्टर रामपाल को जब विजिलेंस की टीम अपने साथ लेकर जा रही थी तो सब इंस्पेक्टर रामपाल ने कहा कि उन्होंने किसी से रिश्वत की मांग नहीं की, मुझे साजिश के तहत फंसाया गया है।