कैथल। बैंक द्वारा सील की गई संपत्ति के सरकारी ताले तोड़कर अवैध कब्जा करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में आदित्य बिरला कैपिटल लिमिटेड की शिकायत पर गांव दीवाल निवासी संजीव कुमार और उनकी पत्नी रीना देवी के खिलाफ शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बैंक अधिकारी सचिन कुमार ने शिकायत में बताया कि आरोपियों ने अपनी फर्म संजय हार्डवेयर एंड क्रॉकरी व बंगल स्टोर के नाम पर 55 लाख रुपये का होम लोन लिया था, जिसके बदले नई सब्जी मंडी रोड स्थित दुकान गिरवी रखी गई थी। आरोप है कि लोन की किश्तें बंद होने पर खाता एनपीए घोषित किया गया। कई नोटिसों के बावजूद भुगतान न होने पर बैंक ने सरफेसी एक्ट के तहत कार्रवाई की। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर 26 मार्च 2025 को ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की मौजूदगी में दुकान को सील कर चाबियां बैंक को सौंपी गईं। शिकायत के अनुसार इसके बावजूद दंपत्ति ने सरकारी ताले व सील तोड़कर दोबारा कब्जा कर लिया। सिटी थाना प्रभारी गीता देवी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद