कैथल। अंबाला रोड स्थित आरकेएसडी कॉलेज में चल रहे बाक्सिंग खेल सेंटर में विश्व पुलिस खेल में स्वर्ण पदक विजेता बाक्सिंग खिलाड़ी भावना धीमान को सम्मानित किया गया। इसके बाद स्टेडियम से प्रताप गेट तक रोड शो निकाला।
गौरतलब है कि कनाडा में हुई प्रतियोगिता में भावना ने 75 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया था। भावना जिले की पहली महिला बाक्सिंग खिलाड़ी हैं, जो खेल कोटे में 2017 में एसएसबी में भर्ती हो गई थी।
भावना ने बताया कि वह शुरुआत में वालीबॉल का अभ्यास करने के लिए स्टेडियम में आई थी। उसके बाद उसने कोच राजेंद्र सिंह के पास लडक़ों को बाक्सिंग खेलते देखा तो उसने भी कोच से खेल सिखाने के लिए कहा था। कोच ने पहले मना कर दिया था, लेकिन उसने अगले दिन दोबारा से कोच को सिखाने के लिए कहा। इसके बाद कोच ने हां कर दी थी।
उनकी इस उपलब्धि में उनके कोच और माता-पिता का सबसे ज्यादा योगदान रहा है। अब आगे वह राष्ट्रीय स्तर की बाक्सिंग स्पर्धा के लिए तैयारी शुरू करेगी।
इस अवसर पर सुनील चौधरी, कोच राजेंद्र सिंह, कोच विक्रम ढुल, कोच गुरमीत सिंह, कर्मबीर फौजी, काका सचदेवा, मोहन शर्मा, विक्की धीमान, धीमान समाज के प्रधान सुरेंद्र, धर्मपाल, प्रवीन, पवन, सतपाल व अनूप मौजूद रहे।