फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: बरटा गांव में दो किशोरों के खून से लथपथ शव बरामद

Tue, 20 May 2025 01:47 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी

कैथल। जिले के बरटा गांव में दोहरा हत्याकांड का मामला सामने आया है। इस मामले में दो किशोरों की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस हत्या का खुलासा सोमवार सुबह के समय गांव के बाहर धनौरी ड्रेन के पास दो किशोरों के खून से लथपथ शव बरामद मिलने के बाद हुआ। मृतकों की पहचान 15 वर्षीय प्रिंस व 15 वर्षीय अरमान के रूप में हुई है। दोनों दोस्त थे और रिश्ते में चाचा-भतीजे लगते थे।

डबल मर्डर की सूचना पाकर एसपी आस्था मोदी भी सुबह ही घटना स्थल पर पहुंची और दोहरे हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाने के लिए सीआईए व एसडीयू टीमों को लगा दिया। इस मौके पर पहुंचकर एसएफएल टीम ने सबूत इकट्ठा किए।
विज्ञापन


इस मामले में प्रेम प्रसंग की आशंका के चलते हत्या करने की बात सामने आई। ऐसे में एक मृतक के युवक पिता की शिकायत पर सदर थाना कैथल की पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

परिजनों के अनुसार, प्रिंस और अरमान रविवार शाम करीब छह बजे घूमने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पूरी रात उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार सुबह करीब छह बजे जब परिजन दोबारा उनकी तलाश कर रहे थे, तो उन्हें ड्रेन के पास झाड़ियों में दोनों के शव मिले।

मृतक प्रिंस के सिर के पीछे, दाहिने कान और बाएं हाथ की कलाई पर तेज धारदार हथियार के निशान थे, जबकि अरमान के सिर के पीछे बाईं तरफ और मुंह-आंखों पर भी गहरे घाव थे। मौके पर काफी खून बिखरा पड़ा था। शवों से कुछ दूरी पर एक लोहे की पाइप, मोटरसाइकिल की चेन, एक काले और लाल रंग का मोबाइल फोन और चप्पलें भी बरामद हुई हैं।

मृतक प्रिंस के पिता रोहताश ने पुलिस को दी गई शिकायत में गांव के ही कुछ युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि करीब तीन दिन पहले कृष और अरमान उर्फ मानी उनके घर आए थे और प्रिंस और अरमान पर उनकी दो बहनों के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगाया था और अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।

रोहताश ने आरोप लगाया है कि उनके गांव के कृष, अरमान उर्फ मानी, अनिरुद्ध उर्फ कालू, अंकुश, सलिंद्र, अंशुमन, विकास, राहुल और हिमांशु ने मिलकर दोनों से रंजिश रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से तेजधार हथियारों से उनकी हत्या की है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने रोहताश के बयान के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दी है।
विज्ञापन


इस दोहरे मर्डर की घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि वह जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करेगी। सदर थाना एसएचओ मुकेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को भी हत्या का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया है।

————————————
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें