दस्तावेजों की जांच करते कमेटी सदस्य व उपस्थित स्कूल प्रतिनिधि।
राजौंद। खंड शिक्षा अधिकारी संदीप नैन के निर्देशानुसार ब्लॉक स्तरीय स्कूली खेलों के आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खेलों के लिए फार्म जमा करवाने के लिए सभी स्कूलों की तिथि 16 व 17 जुलाई निर्धारित की गई थी जिसके तहत खंड के विभिन्न स्कूलों से लगभग 800 खिलाड़ियों के फार्म प्राप्त हुए हैं।
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के नियमों के अनुसार खेलों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के लिए दस्तावेजों की जांच के लिए खंड स्तर पर एक कमेटी का गठन किया गया। इस कमेटी की ओर से सभी खिलाड़ियों के दस्तावेजों की बारीकी से वेरिफिकेशन की गई और उसके बाद खेलों का विस्तृत शेड्यूल तैयार किया गया। ब्लॉक नोडल अधिकारी सोहन पाल ने बताया कि इस बार खेलों के लिए विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न खेलों में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लेने के लिए आवेदन किया है, जो खेलों के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है। दस्तावेजों की जांच का कार्य पीएम गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजौंद के प्राचार्य अजय मलिक की निगरानी में कमेटी की ओर से संपन्न किया गया। इस कार्य में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के स्टाफ सदस्य कुलदीप वर्मा, विवेक राणा, कुलदीप सिंह व प्रदीप ने भी पूर्ण सहयोग दिया। वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद खेलों का विस्तृत कार्यक्रम प्रत्येक स्कूल को भेज दिया जाएगा। ब्लॉक स्तरीय स्कूली खेलों का आयोजन 21 जुलाई से राजीव गांधी खेल स्टेडियम, रोहेड़ा में किया जाएगा जिसका शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी संदीप नैन की ओर से किया जाएगा।