पूंडरी। भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष एवं केंद्र सरकार की ओर से गठित एमएसपी कमेटी के सदस्य गुणी प्रकाश का स्वयं के गांव फरल में ही युवाओं ने जोरदार विरोध किया। गांव के राजपूत व अन्य समाजों के युवा गुणी प्रकाश और भाजपा के विरोध में अनिश्चितकालीन धरने पर राणा चौपाल में बैठ गए।
ग्रामीण युवाओं संदीप राणा, विशाल राणा, राजीव राणा, प्रदीप राणा, काका राणा, गौरव शर्मा, शक्ति राणा, आजाद राणा, नवीन राणा, विजेंद्र राणा, बिल्ला राणा, रविंद्र राणा, राहुल राणा, राकेश सैनी, राजू राणा व अभिषेक राणा ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके गांव के तथाकथित भाकियू प्रदेशाध्यक्ष गुणी प्रकाश का तो काम ही सरकारों के इशारे पर भाईचारे को आपस में लड़वाना रहा है। भाजपा से पूर्व गुणी प्रकाश कांग्रेस में थे।
उन्होंने बताया कि जब पूरे गांव के लोगों ने भाजपा का बहिष्कार करने का निर्णय ले रखा है तो ऐसे में भाजपा सांसद नायब सैनी व जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर को गांव में बुलाने का औचित्य क्या है। गुणी प्रकाश सांसद व जिलाध्यक्ष को गोशाला के उद्घाटन के नाम पर बुुला कर अपना हित साध रहे हे। युवाओं ने बताया कि अगर चार अक्तूबर को सांसद नायब सैनी व भाजपा जिलाध्यक्ष फरल गांव आएंगे तो उनका उनका विरोध किया जाएगा।
किसी भी कीमत पर सांसद व जिलाध्यक्ष को गांव में प्रवेश नहीं करने देंगे। उन्होंने बताया किपूरे गांव की एकमात्र गोशाला श्री फल्गु ऋषि के नाम पर है। गुणी प्रकाश की गोशाला में एक नंदी तक नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि वे चार अक्तूबर तक धरने पर बैठेंगे। युवाओं का कहना है कि वे आत्मसम्मान के लिए जीते हैं। अगर सांसद व जिलाध्यक्ष गांव में आएंगे तो समाज के लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे।