संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। भारतीय जनता पार्टी के विधायक सतपाल जांबा फिर अपनी बयानबाजी के चलते विवादों से घिर गए हैं। अबकी फरल गांव के संत कबीर मंदिर में उनकी ब्राह्मण समाज के खिलाफ दी गई टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह ब्राह्मणों को पाखंडी बताते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे न केवल पूंडरी हलके में बल्कि पूरे प्रदेश में विरोध शुरू हो गया।
हालांकि बाद में ब्राह्मण समाज के विरोध को देखते हुए विधायक सतपाल जांबा ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी और विवादित बयान को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की।कहा- मैंने कहा था कि कबीर पाखंड के खिलाफ थे, और जो उस समय पाखंडी ब्राह्मण हुआ करते थे, वे कबीरदास के विरोधी थे। मेरे बयान को तोड़ा-मरोड़ा गया है। मैं ब्राह्मण समाज का पूर्ण सम्मान करता हूं।
गौरतलब है कि सतपाल जांबा पहले भी अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में रह चुके हैं। उनके ज्यादातर विवादित बयान फरल गांव में ही दिए गए हैं। इससे पहले महिला सरपंच और राजपूत समाज पर उनके विवादित बयान सामने आए थे। अब ब्राह्मण समाज के खिलाफ उनका यह वीडियो वायरल होने के बाद समाज में भारी रोष व्याप्त हो गया।
वायरल वीडियो ःफरल गांव में संत कबीरदास जयंती समारोह में विधायक जांबा का दिया बयान वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने ब्राह्मणों को पाखंडी कहा था। उन्होंने बताया कि उनका यह बयान संत कबीरदास की विचारधारा के विपरीत चलने वालों के लिए था। उन्होंने कहा कि उस समय कुछ पाखंडी ब्राह्मण कबीरदास के खिलाफ साजिश रचते थे।