संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर की भाई उदय सिंह किला में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में भाजपा प्रत्याशी लीला राम की मंच से जुबान फिसल गई। प्रत्याशी की ओर से सार्वजनिक मंच से राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला पर जुबानी हमला बोला। कहा कि सुरजेवाला के कार्यकर्ता बदतमीजी पर उतर आए हैं, वह जो होर्डिंग लगवाते हैं। उन्हें वे रात में ही उतरवा देते हैं, जो पोस्टर लगाए हैं। उन्हें फाड़ देते हैं, जबकि उन्होंने आज तक सुरजेवाला के कोई भी होर्डिंग और पोस्टर नहीं हटवाए हैं। कहा कि यदि प्यार से रहेंगे तो प्यार से चुनाव लड़ेंगे। गुंडागर्दी करोगे तो हम भी गुंडागर्दी पर उतरना जानते हैं। यदि सुरजेवाला किसी गलतफहमी का शिकार है तो वो इसे दूर कर लें, हम ईंट का जवाब पत्थर से देना जानते हैं। भाजपा ने तो जनता के दिलो में पोस्टर लगा रखे है।
गौरतलब है कि भाजपा की जन आशीर्वाद रैली में मुख्य अतिथि के रूप में नायब सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम नायब सैनी ने भी कहा कि मंच पर भाजपा प्रत्याशी ने किसी छींटाकशी नहीं की है, बल्कि स्वाभाविक तौर पर भाषण दिया है परंतु यह तो तय है कि भाजपा के राज में किसी की भी गुंडागर्दी नहीं चलने दी जाएगी।
लीला राम ने रणदीप सुरजेवाला के बेटे व कांग्रेस प्रत्याशी आदित्य सुरजेवाला को निशाने पर लिया। इससे पहले भी लीला राम गुर्जर कई बार विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहे हैं। वहीं, इस मामले में राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने बात करना चाही तो कार्यक्रमों में अधिक व्यस्तता के चलते उनसे बात नहीं हो पाई। उनके निजी सचिव का कहना है कि इस बार वे जल्द ही मीडिया के सामने आएंगे।
सुरजेवाला ने कियास ट्वीट, ये लड़ाई भाजपा की “गुंडागर्दी” और कांग्रेस की “मोहब्बत” के बीच
भाजपा प्रत्याशी लीला राम की ओर से जनसभा में रणदीप सुरजेवाला पर दिए गए बयान के बाद राज्यसभा सांसद सुरजेवाला ने ट्वीट कर जवाब दिया है। सुरजेवाला ने ट्वीट कर लिखा है, कामचलाऊ मुख्यमंत्री नायब सैनी की मौजूदगी में भाजपा का असली चेहरा बेनक़ाब हुआ। ये लड़ाई भाजपा की “गुंडागर्दी” और कांग्रेस की “मोहब्बत” के बीच है।
जीतेगी शराफ़त, जीतेगी मोहब्बत,
हारेगी बदमाशी, हारेगी गुंडई ।