संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कलायत के रामगढ़ हाईवे बाईपास पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार गांव कुराड़ निवासी जयकिशन (53) की मौत हो गई। वह एक निजी स्कूल में हेल्पर के तौर पर कार्यरत था। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से भाग गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में रामगढ़ पांडवा निवासी ऋषिपाल ने बताया कि वह कलायत बस अड्डा के सामने सीएससी सेंटर चलाता है। 17 मई की शाम करीब 6:50 बजे वह सेंटर बंद कर गांव लौटने के लिए रामगढ़ हाईवे बाईपास पर पहुंचा था। इसी दौरान वह सड़क पार करने के लिए खड़ा था। उसके सामने एक बाइक चालक भी सड़क पार करने का इंतजार कर रहा था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, तभी कैथल की ओर से एक नीले रंग की तेज रफ्तार कार लापरवाही से आती हुई पहुंची और सड़क किनारे खड़े बाइक चालक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक अपनी मोटरसाइकिल समेत सड़क पर जा गिरा, जबकि कार डिवाइडर से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि कार चालक कुछ देर तक मौके पर मौजूद रहा, लेकिन बाद में भीड़ का फायदा उठाकर भाग गया। राहगीरों की मदद से घायल को निजी वाहन से सरकारी अस्पताल कलायत पहुंचाया गया। बाद में जानकारी मिली कि गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक जयकिशन अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार में शोक का माहौल है। जांच अधिकारी बलजौर सिंह ने बताया कि आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है।
सब्जी खरीद रहे मुख्याध्यापक को स्कूटी ने मारी टक्कर
कैथल। जींद-कैथल रोड पर सड़क किनारे सब्जी खरीद रहे एक मुख्याध्यापक को तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक स्कूटी ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। तितरम थाना पुलिस ने अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस को दी शिकायत में सुभाष नगर खुराना रोड निवासी विनोद कुमार नंदा ने बताया कि वह गांव जुलानी खेड़ा स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में मुख्याध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। 14 मई को स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह तितरम के पास जींद-कैथल रोड पर सड़क किनारे एक रेहड़ी से सब्जी खरीद रहे थे। इसी दौरान कैथल की ओर से आ रहे एक इलेक्ट्रिक स्कूटी चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। बाद में उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जांच कर रहे तितरम थाना के एएसआई राममेहर ने बताया कि अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। संवाद