कैथल। हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर एक पिकअप गाड़ी चालक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत पर गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव फ्रांस वाला निवासी सतबीर ने कलायत पुलिस को शिकायत दी कि उसकी मोटरसाइकिल 15 अप्रैल को खराब होने के कारण कलायत में मिस्त्री के पास खड़ी थी। 16 अप्रैल को वह और उसका भाई सन्नी मोटरसाइकिल लेने के लिए एक अन्य बाइक पर बैठकर कलायत गए। वहां से वे दोनों अलग-अलग मोटरसाइकिल पर गेहूं की कटाई करवाने के लिए गांव चंदाना में कंबाइन के बारे में जानकारी लेने जा रहे थे। हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर फिरोजपुर बीकानेर ढाबे के पास एक पिकअप गाड़ी ने उसके भाई की मोटरसाइकिल की टक्कर मार दी। गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में वे उसके भाई को सरकारी अस्पताल कैथल लेकर गए तो डॉ. ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी एचसी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।