संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। करनाल रोड स्थित सर छोटू राम चौक के पास देर शाम हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान 62 वर्षीय कृष्ण कुमार पांचाल के रूप में हुई है, जो गांव सौंगल निवासी और वर्तमान में कैथल की डिफेंस कॉलोनी, गली नंबर 9 में रह रहे थे।
बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे कृष्ण कुमार किसी काम से बाजार गए हुए थे। घर लौटते समय करनाल रोड पर सर छोटूराम चौक से थोड़ा आगे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक के नीचे घुस गई और कृष्ण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी और परिजनों को भी खबर दी। मृतक पशु चिकित्सक (वेटरनरी डॉक्टर) थे और कुछ समय पहले ही सेवानिवृत्त हुए थे। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला नागरिक अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। सिविल लाइन थाना एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।