मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम संजय कुमार को ज्ञापन सौपते हुए भारतीय किसान यूनियन के नेता।
राजौंद। भारतीय किसान यूनियन जिला कैथल ने गांव चनौत में लंबे समय से चल रही पेयजल समस्या के लिए मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम संजय कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि गांव चनौत में पिछले काफी समय से पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है जिसके समाधान की मांग के लिए ग्रामीण पिछले करीब 50 दिनों से शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं।
यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सड़क किनारे बैठकर अपनी मांगों के लिए आंदोलन करने को मजबूर हैं। पाइपलाइन गांव की जमीन से होकर गुजरती है लेकिन अब तक गांव को इसका लाभ नहीं मिल पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की बढ़ती जनसंख्या और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए पाइपलाइन का आकार बढ़ाकर गांव को अमृत-2 योजना से जोड़ा जाना चाहिए, ताकि स्थायी रूप से पेयजल की समस्या का समाधान हो सके। भारतीय किसान यूनियन ने सरकार से मांग की है कि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए चनौत गांव के लोगों को राहत दी जाए।
मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम संजय कुमार को ज्ञापन सौपते हुए भारतीय किसान यूनियन के नेता।