गुहला की टूटी सडक़ों के विरोध में पोस्टर चिपकाओ अभियान चलाते हुए भाकियू चढ़ूनी के सदस्य।
गुहला चीका। क्षेत्र की बदहाल और जर्जर सड़कों की तरफ सरकार का ध्यान खींचने के लिए रविवार को भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के सदस्यों ने शहर में पोस्टर चिपकाओ अभियान चलाया। इस अभियान के तहत जिला उपाध्यक्ष केवल सदहेड़ी की अध्यक्षता में शहर के विभिन्न चौक चौराहों, सार्वजनिक स्थलों, दीवारों, बसों और ट्रकों पर पोस्टर चिपकाकर सरकार और प्रशासन को जगाने का प्रयास किया।
इस अभियान के माध्यम से संगठन ने क्षेत्र की टूटी सड़कों की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए तत्काल समाधान की मांग की। केवल सदरेहड़ी ने कहा कि गुहला चीका क्षेत्र की अधिकतर सड़कें लंबे समय से खस्ताहाल हैं। जगह जगह बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। जर्जर सड़कों की वजह से दर्जनों लोग अपनी जान गवां चुके हैं। वहीं चीका शहर का व्यापार भी ठप होकर रह गया है। उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत के लिए एक तरफ जहां गुहला चीका क्षेत्र के लोग धरना प्रदर्शन से लेकर मंत्रियों तक आवाज पहुंचा चुके हैं। वहीं इस क्षेत्र से चुने गए विधायक कई बार विधानसभा में आवाज उठा चुके हैं लेकिन न जाने क्यों सरकार गुहला चीका क्षेत्र की अनदेखी करती आ रही है।
केवल सदहेड़ी ने कहा कि बरसात का मौसम नजदीक है और यदि जल्द सड़कों की मरम्मत नहीं हुई तो स्थिति और भी गंभीर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पोस्टर अभियान केवल प्रतीकात्मक विरोध नहीं है बल्कि प्रशासन को जगाने और जनता की आवाज बुलंद करने का प्रयास है। इस मौके पर भाकियू आईटी सेल प्रभारी जरनैल सिंह जैली, युवा जिला महासचिव लखविंदर सिंह किंद्र, गुरबचन सिंह, गुरपाल सिंह गगड़पुर अनेक भी मौजूद रहे।
गुहला की टूटी सडक़ों के विरोध में पोस्टर चिपकाओ अभियान चलाते हुए भाकियू चढ़ूनी के सदस्य।