कैथल। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चलने वाले भ्रामक विज्ञापनों के जरिये की जा रही ऑनलाइन ठगी के लिए नागरिकों को जागरूक रहने की सलाह दी है। हाल के समय में ऐसे कई मामले सामने आए हैं जिनमें फेसबुक, इंस्टाग्राम या अन्य सोशल मीडिया साइट्स पर आकर्षक ऑफर के नाम पर लोगों से ठगी की गई है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि साइबर अपराधी अब पारंपरिक तरीकों के बजाय सोशल मीडिया विज्ञापनों को ठगी का नया हथियार बना रहे हैं। अपराधी फर्जी कंपनियों के नाम से अत्यधिक सस्ते दामों पर महंगे उत्पाद जैसे मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, फर्नीचर, घरेलू वस्तुएं या अन्य आकर्षक उत्पाद के विज्ञापन डालते हैं। यूजर जैसे ही इन विज्ञापनों पर क्लिक करते हैं, उन्हें नकली वेबसाइटों या भुगतान लिंक पर भेज दिया जाता है। वहां उनसे अग्रिम भुगतान या पूरी राशि मांग ली जाती है। भुगतान होते ही ठग मोबाइल नंबर, वेबसाइट और सोशल मीडिया पेज बंद कर देते हैं जिससे पीड़ित व्यक्ति का पैसा वापस पाना मुश्किल हो जाता है। यदि किसी नागरिक के साथ इस प्रकार की साइबर ठगी हो जाती है, तो घबराएं नहीं। तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करें।