राजौंद। खंड शिक्षा अधिकारी संदीप नैन की अध्यक्षता में खंड के सभी उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के मुखियाओं की समीक्षा बैठक हुई। इसमें 10वीं और 12वीं कक्षा के पिछले सत्र के बोर्ड परीक्षा परिणामों के साथ शैक्षणिक सत्र 2026-27 की अर्धवार्षिक परीक्षाओं के परिणामों की समीक्षा की गई। बैठक में विद्यालयों को उनके प्रदर्शन के आधार पर रेड, येलो और ग्रीन जोन में वर्गीकृत किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने रेड जोन के विद्यालयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएं। साथ ही नियमित परीक्षाएं लेकर विद्यार्थियों की प्रगति पर नजर रखी जाए।
संदीप नैन ने कहा कि बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों और विद्यालय मुखियाओं को मिलकर प्रयास करने होंगे। प्रत्येक विद्यालय अपनी स्थिति के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर ठोस कार्ययोजना तैयार करे, ताकि आगामी बोर्ड परीक्षाओं में राजौंद खंड का परिणाम सुधारा जा सके। बैठक में डॉ. सत्यवान, रमेश देसवाल, अजय मलिक, नरेंद्र, जगबीर भारद्वाज, सतीश गिल, संजीव राणा और अमरनाथ सहित अन्य विद्यालय मुखिया मौजूद रहे।