संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सभी वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं क्रियान्वित की गई है। पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसी के मद्देनजर विकसित भारत संकल्प यात्रा-जन संवाद कार्यक्रम तक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है। यह बात महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने कही।
वह सोमवार को कलायत नगर पालिका परिसर में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा-जन संवाद कार्यक्रम के दौरान संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि अब दोबारा से भी सभी नगर पालिकाओं में यह यात्रा शुरू की गई है। आमजन को चाहिए कि वे अपने कार्यों को इस यात्रा के दौरान पूर्ण करवाएं, क्योंकि सरकार स्वयं आपके घर द्वार पहुंची है।
इससे पहले उन्होंने नगर पालिका परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों पर जाकर पूर्ण फीडबैक ली और अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे गंभीरता से लोगों की समस्याओं का समाधान करें। कार्यक्रम के दौरान भारत देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ भी दिलाई गई।
राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि सरकार महिलाओं, युवाओं, किसानों व अन्य सभी वर्गों का विशेष ध्यान कर रही है। सरकार सबका साथ-सबका विकास की नीति पर चलकर प्रदेश में एक समान विकास कार्य करवा रही है। किसी भी वर्ग के साथ कोई भी भेदभाव नहीं किया जा रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की धरती पानीपत से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की थी। अब लिंगानुपात पहले की अपेक्षा अच्छा हुआ है।
राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में अब योग्यता के आधार नौकरियां युवाओं को प्रदान की जा रही है। अब गरीब व्यक्ति को भी लगता है कि उन्हें भी सरकारी नौकरी मिल पाएगी। गु्रप सी की भर्ती का रिजल्ट अभी जारी किया गया है, जिसमें हर गांव से लगभग 10 योग्य बच्चों ने सरकारी नौकरी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्तिकरण बनाने की दिशा में काम किया गया है। खुले में शौच मुक्त किया गया है और घर-घर शौचालय बनाए गए हैं। हर घर में नल और हर नल में जल प्रदान किया गया है। आयुष्मान योजना के तहत 1 लाख 80 हजार रुपये तक आय वाले परिवार का आयुष्मान कार्ड बनाया गया है, ताकि वह अस्पतालों में स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सके। इस अवसर पर कलायत नगर पालिका के पूर्व प्रधान राजू कौशिक, जय प्रकाश मित्तल, राकेश कांसल, राजा राम जिंदल, राहुल राणा, सोनू शर्मा, लाभ सिंह, रणधीर सिंह, सतीश, भगवान दास मित्तल, सलीम निर्मल, कलायत नगर पालिका सचिव पवन कौशिक, एसडीओ कुलदीप गिल, संजीव कुमार व विशाल मौजूद रहे।