संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बालू गांव में दो दिन पहले हुई मारपीट के चलते लगी चोटों के कारण 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर युवक से अधिक मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शिकायत के अनुसार, टुल्लू पंप की चोरी का आरोप लगाकर उसे पीटा गया था।
गांव बालू के बिढाण पट्टी निवासी विक्रम सिंह ने कलायत थाना में शिकायत दी कि वे तीन भाई हैं। उसका छोटा भाई 28 वर्षीय मोनू चिनाई के मिस्त्री का काम करता था। 13 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे वह, उसकी मां व पिता अपने घर पर काम कर रहे थे। मोनू घर पर नहीं था। वे तीनों उसे तलाश करने के लिए निकले थे। वे जोगिया राम पंडित के घर पर पहुंचे जहां पंडित के घर में बने बरामदे में मोनू बैठा था, जोगिया पंडित ने उन्हें कहा कि मोनू ने उनका टुल्लू पंप चोरी किया है।
उन्होंने कहा कि लड़के को छोड़ दो तेरा टुल्लू पंप हम दे देंगे। जोगिया ने मोनू की लात-मुक्के व डंडे से पिटाई कर दी थी। वे मोनू को लेकर घर आ गए। मोनू ने बताया कि जोगिया पंडित ने उसके साथ बहुत ज्यादा मारपीट की है। इस वजह से उसका सारा शरीर दर्द कर रहा है।
15 अक्तूबर को अल सुबह ढाई बजे मोनू की मौत हो गई। शिकायतकर्ता ने जोगिया राम पर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी है। थाना प्रभारी जयभगवान ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।