संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर थाना की पुलिस ने लोक निर्माण विभाग के गैंगमेट पर विभाग के जेई और वर्क सुपरवाइजर पर मारपीट करने व गर्म तारकोल फेंक कर पैर जलाने के आरोप में केस दर्ज किया है। गैंगमेट के पद पर कार्यरत कर्मी ने पुलिस को दी शिकायत में यह आरोप लगाया है।
थाना शहर पुलिस को दी अपनी शिकायत में पवन पाल सिंह निवासी रामनगर भूना ने बताया कि वह विभाग में गैंगमेट के पद पर कार्यरत है। उसने बताया कि सीवन गेट कैथल से परशुराम चौक तक लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क बनाने का कार्य किया जा रहा है। पवन के आरोप के मुताबिक, 15 जून को जब वह परशुराम चौक पुलिस नाके पर अन्य कर्मचारी सड़क बना रहे थे तो वहां पर विभाग का कनिष्ठ अभियंता रामनिवास और वर्क सुपरवाइजर शमशेर सिंह भी थे।
पवन ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसने उन्हें कहा कि सड़क निर्माण सामान की क्वालिटी सही नहीं है। इतना सुनते ही रामनिवास जेई तथा वर्क सुपरवाइजर ने उसके साथ मारपीट की। यही नहीं शमशेर सुपरवाइजर ने साइड में रखा गम तारकोल उसके पांव पर फेंक दिया इस कारण उसके दोनों पांव जल गए।
पवन ने बताया कि उसे इलाज के लिए कैथल के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। मामले के जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल बलजोर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।