संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। साइबर ठग क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़वाने के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठग रहे हैं। ये जालसाज लोग आमजन को बातचीत में उलझाकर उनसे क्रेडिट कार्ड की डिटेल हासिल कर लेते हैं और उनके लाखों रुपये ठग लेते हैं। इस बारे हिदायतें जारी करते हुए एसपी उपासना ने कहा कि इनसे बचने का उपाय जागरूकता है।
उन्होंने कहा कि आजकल साइबर अपराध काफी बढ़ गया है, जो सतर्क रहकर ही इससे बचा जा सकता है। एसपी ने कहा कि साइबर ठग लोगों को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़वाने के लिए एसएमएस भेजते हैं। इसमें एक लिंक होता है। इस पर क्लिक करने पर आप वेबपेज पर चले जाएंगे। यहां लोगों से ईमेल, डेबिट-क्रेडिट कार्ड नंबर से संबंधित जानकारी देनी होती है। ऐसा करते ही ठगों को बैंक संबंधी जानकारी मिल जाती है और पूरा का पूरा खाता साफ हो जाता है।
एक्सपर्ट्स के अनुसार ये लोग ओटीपी ईमेल हैक कर पता कर
लेते हैं।
उन्होंने समझाया कि ध्यान रखें कभी भी कोई बैंक अधिकारी या बैंक आप से एसएमएस और ई-मेल भेजकर आपसे आपके बैंक खाते की कोई जानकारी नहीं मांगता है। हमेशा ऐसे एसएमएस या ई-मेल से बचकर रहें। किसी को भी अपने क्रेडिट कार्ड की डिटेल न दें। ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) शेयर न करें। फ्रॉड होने पर इसकी रिपोर्ट तुरंत पुलिस को दें। बैंक को भी इसकी जानकारी दें। अलग-अलग जगहों पर अपने पासवर्ड अलग-अलग रखें।
यह भी समझाया कि नियमित रूप से अपने पासवर्ड बदलें। इसके लिए स्पेशल कैरेक्टर, नंबर और अक्षर का इस्तेमाल करें। क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने जैसे लुभावने मैसेज आने पर इसकी जानकारी के लिए बैंक से संपर्क करें। उनसे इसे लेकर जानकारी लें। अपने बैंक स्टेटमेंट पर नजर रखें और बैंक के साथ किसी भी अपरिचित लेन-देन की जानकारी लें।