संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। त्योहारों का मौसम खुशी, जश्न और उपहार देने का समय होता है, लेकिन इस समय का साइबर अपराधी फायदा उठाकर वारदातें करते हैं। इस समय ऑनलाइन शॉपिंग का क्रेज बढ़ रहा है जिसका फायदा उठाकर साइबर ठगी की जा रही है। इसके मद्देनजर एसपी राजेश कालिया ने बुधवार को आम लोगों के लिए परामर्श जारी किया है।
एसपी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में उपभोक्ता सुविधा के लिए ऑनलाइन शॉपिंग कर रहे हैं। साइबर अपराधी ऑनलाइन गतिविधि में इस उछाल का फायदा उठाते हैं और सुरक्षा में कमजोरियों का फायदा उठाकर खरीदारों को धोखा देते हैं। त्योहारों के दौरान अपनी व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी की सुरक्षा के लिए, स्मार्ट खरीदारी की आदतें अपनाना और साइबर धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहना बेहद महत्वपूर्ण है।
एसपी ने बताया कि जिले में साइबर ठगी को रोकने के लिए जिला पुलिस का विशेष दल गठित है। जिले में किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होने पर पुलिस को शिकायत मिलते ही तत्परता से कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में ऑनलाइन शॉपिंग सोच समझकर करें। इस समय भारी भरकम डिस्काउंट के ऑफर दिए जा रहे हैं, जिसका फायदा साइबर ठग उठा सकते हैं। ऑनलाइन सामान की बुकिंग करते समय ज्यादा सावधान रहने की जरुरत है, क्योंकि थोड़ी सी भी लापरवाही बरतने पर आप साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं। इस मामले में सावधान रहना बेहतर उपाय है।