संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के चुनाव में बुधवार को जिले के चार मतदान केंद्रों पर 1805 अधिवक्ता मतदान करेंगे। चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पोलिंग पार्टियों को अंतिम प्रशिक्षण देकर रवाना कर दिया गया है। मतदान प्रक्रिया सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
उपायुक्त अपराजिता ने बताया कि चुनाव के लिए जिले में कुल चार मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। कैथल बार एसोसिएशन में प्रथम तल पर तीन बूथ बनाए गए हैं, जहां 1659 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं, गुहला बार एसोसिएशन में प्रथम तल पर एक बूथ स्थापित किया गया है, जहां 146 अधिवक्ता मतदान करेंगे।
चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कुल छह पोलिंग पार्टियां तैनात की गई हैं, जिनमें चार मुख्य और दो रिजर्व टीमें शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा नोडल अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है। कैथल क्षेत्र के लिए एसडीएम अजय हुड्डा (कलायत) को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि गुहला-चीका क्षेत्र के लिए एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस विभाग को सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं संबंधित विभागों को बिजली, पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
उपायुक्त अपराजिता ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करें।