कैथल। गांव नौच स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में कैशियर की ओर से किए गए करोड़ों रुपये गबन के मामले के बाद मंगलवार सुबह गांव में नया स्टॉफ कामकाज के लिए पहुंचा। सोमवार तक बैंक में कार्यरत पांच कर्मचारियों को थाना सदर में बुलाकर पुलिस ने पूछताछ की। हालांकि कैशियर को छोड़कर अभी तक किसी अन्य कर्मचारी का नाम मामले में नहीं आया है। वहींबैंक ने आंतरिक समिति का गठन कर दिया है। जो इस बात का पता लगाएगी कि किन हालात में दूसरे कर्मचारियों को इसकी जानकारी नहीं मिली। दूसरे कर्मचारी इस मामले में संलिप्त थे या नहीं।
फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद सोमवार देर रात तक लोगों ने बैंक के बाहर प्रदर्शन किया था। इसके बाद डीएसपी विवेक चौधरी ने मौके पर पहुंच कर लोगों को शांत करवाया था। साथ ही पुलिस सुरक्षा में कर्मचारियों को वहां से निकाला था। इसके बाद सुबह पुलिस ने फिर से बैंक कर्मचारियों को पूछताछ के लिए थाना सदर में बुलाया। उधर, मंगलवार सुबह भी कुछ लोग बैंक में पहुंचे और अपने साथ हुए फर्जीवाड़ा के संबंध में जानकारी हासिल की।
जानकारी के अनुसार बैंक में कार्यरत स्टॉफ के स्थान पर मंगलवार को नया स्टॉफ गांव नौच स्थित बैंक में भेजा। ताकि बैंक में काम काज प्रभावित न हो। एक ओर जहां मामले की जांच सदर पुलिस कर रही है, वहीं जांच के लिए बैंक की ओर से भी कमेटी बनाई गई। यह कमेटी अपने स्तर पर तथ्य जुटाने का प्रयास करेगी कि कितने अन्य लोग मामले में शामिल रहे हैं। कितने उपभोक्ताओं को कितनी राशि का नुकसान हुआ है। इसके अलावा कमेटी का पुलिस जांच में भी सहयोग लिया जाएगा।
एलडीएम सुरेंद्र कुमार नंदा ने बताया कि बैंक अधिकारियों की जांच में जो भी सामने आएगा, उसके बारे में पुलिस को तुरंत अवगत करवाया जाएगा। जिन ग्राहकों को नुकसान हुआ है, उसकी जांच कर भरपाई की जाएगी, जिसके लिए कमेटी विशेष रूप से कार्य करेगी। इसके अलावा बैंक के आंतरिक मामलों और लेन-देन प्रक्रिया को और ज्यादा दुरुस्त करने का कार्य करेगी। बैंक का काम प्रभावित न हो, इसके लिए बैंक में मंगलवार को नया स्टॉफ भेजा गया।