संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। प्रधानमंत्री सूर्य पर मुफ्त बिजली योजना के तहत मंगलवार को जिला सचिवालय में बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने की। बैठक में जिला स्तरीय समिति के सभी सदस्य शामिल हुए।
एडीसी ने बताया कि इस योजना का एक महत्वपूर्ण घटक “मॉडल सोलर गांव” है, जिसका उद्देश्य देश के प्रत्येक जिले में एक आदर्श सोलर गांव विकसित करना है। योजना के दिशा-निर्देशों के तहत उपायुक्त प्रीति की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कमेटी द्वारा गांव बालू को मॉडल सोलर गांव के रूप में चयनित किया गया है।
उन्होंने निर्देश दिए कि बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता/कार्यकारी अभियंता, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के परियोजना अधिकारी तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी 18 अगस्त को गांव का दौरा करें। इस दौरान सरपंच व ग्राम सचिव के सहयोग से गांव के सभी सरकारी भवनों और सार्वजनिक स्थानों पर सोलर सिस्टम लगाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश राविश, बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता सोमवीर सिंह, कार्यकारी अभियंता मुनीश कुमार, मुख्य जिला प्रबंधक एस.के. नंदा तथा अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय के परियोजना अधिकारी अजय कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।