कैथल। चीका की एथलेटिक्स खेल नर्सरी में अभ्यास करने वाले बलबेहड़ा निवासी खिलाड़ी पवन कुमार का हाल ही में भारतीय सेना में चयन हुआ है। इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। पवन चीका की खेल नर्सरी का होनहार एथलीट है और 400 मीटर दौड़ में विशेषज्ञता रखता है।
उन्होंने कई राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपने खेल का लोहा मनवाया है। पवन कुमार पिछले तीन वर्षों से लगातार कठोर परिश्रम और अनुशासन के साथ एथलेटिक्स का अभ्यास कर रहा है।
एथलीट कोच डॉ. सतनाम सिंह ने बताया कि पवन कुमार पुत्र राजेश कुमार गांव बलबेहड़ा का रहने वाला है और उसने नर्सरी में रहते हुए निरंतर प्रगति की है। उन्होंने बताया कि इस खेल नर्सरी में लगभग 300 खिलाड़ी सुबह और शाम नियमित अभ्यास करते हैं। यहां के खिलाड़ी नशे से दूर रहते हैं और समाज को एक स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देते हैं।
कोच ने यह भी कहा कि खेल नर्सरी अच्छे नागरिक बनाने में एक अहम भूमिका निभा रही है और युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान कर रही है। नशा छोड़ो, खेल अपनाओ जैसी मुहिम को भी खिलाड़ी बखूबी अपना रहे हैं, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। पवन की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि युवा सही दिशा में मेहनत करें तो हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
स्थानीय लोगों और खिलाडिय़ों में भी पवन की इस सफलता से खासा उत्साह देखा गया। गांव के बुजुर्गों और युवाओं ने ढोल नगाड़ों के साथ पवन का स्वागत किया और मिठाई बांटी। पवन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, कोच और नर्सरी के साथियों को दिया और कहा कि वह सेना में जाकर भी खेल को जारी रखेगा और देश का नाम रोशन करेगा।
पवन जैसे खिलाडिय़ों की सफलता आने वाले समय में अन्य युवाओं को भी प्रेरणा देगी और क्षेत्र को और अधिक प्रतिभावान खिलाड़ी मिलेंगे जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।