संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। थाना साइबर पुलिस टीम ने डीएवी स्कूल कैथल के बाहर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान सीईटी ग्रुप डी की परीक्षार्थियों और अभिभावकों को साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूक किया गया।
साइबर थाना से पीएसआई शुभ्रांशु की टीम ने डीएवी स्कूल कैथल में सीईटी ग्रुप डी के परीक्षार्थियों और अभिभावकों को परीक्षा केंद्र के बाहर बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति की ओर से सोशल मीडिया या साइट पर दी गई जानकारी को पूरा न समझे। साइबर अपराधी आपको पैसे कमाने का, पैसे डबल करने का या अन्य तरीके का प्रलोभन देकर आपकी निजी जानकारी हासिल करते है। जिसके बाद फोन पर ओटीपी भेजकर या अन्य तरीके से आपके खाते को खाली कर देते है।
साइबर ठग आपको फोन पर कुछ मिनटों में लाखों रुपये का लोन सस्ती दरों पर देने का दावा करते है और आपकी जानकारी हासिल कर आपके खाते से रकम को अपने खाते मे ट्रांसफर कर लेते है। साइबर अपराधी स्मार्ट फोन से मोबाइल ऐप, इंटरनेट बैंकिंग व अन्य तरीकों से लोगों के साथ धोखाधड़ी कर पैसे हड़प रहे हैं। जिससे पीड़ित व्यक्ति को आर्थिक हानि के साथ कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पडता है।